ऑटो में बैठे बदमाश ने ऑटो चालक पर किया चाकू से किया हमला
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर में एक बदमाश ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। खून से लथपथ हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है। घटना की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। मामले में टीआई एसआर साहू ने बताया कि कुदुदंडा के 27 खोली निवासी सुमन सिंह ठाकुर का बेटा राजा सिंह ठाकुर (21 वर्ष) ऑटो चालक है। वह ऑटो चलाकर अपना परिवार चलाता है। राजा अपना ऑटो घर के पास गली में पार्क करता है। गुरुवार शाम को भी उसने गली में ऑटो पार्क किया था। जब वह ऑटो चलाने निकला तो ऑटो में मंगला के धुरीपारा निवासी अरविंद पटेल बैठा था। राजा सिंह जब ऑटो निकालने गए तो अरविंद पटेल स्टीयरिंग पर पैर रखकर बैठे थे। जब उन्होंने अरविंद को स्टीयरिंग पर पैर रखकर बैठने से रोका तो वह गाली-गलौज करने लगा और कहने लगा कि तेरे बाप का क्या जाता है।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इस दौरान बदमाश अरविंद पटेल ने चाकू से राजा के गले में हमला कर दिया, जिससे राजा खून से लथपथ होकर घायल हो गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन पहुंचे, जिन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्यवाही कर रही है।
