कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: मामला गंभीर हो या फिर सामान्य, सरकारी मशीनरी की सुस्ती तब तक नहीं टूटती जब तक कोई हादसा न हो या फिर जनता सड़कों पर न उतरे। किसी ऐसी ही दुर्घटना का इंतजार SECL प्रबंधन कर रहा है। यह पूरी घटना मानिकपुर क्षेत्र की है। जहां एसईसीएल ग्राउंड में 11 केवी बिजली का खंभा अचानक गिर गया। इस दौरान ग्राउंड में टहल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि लोग बाल बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बिजली का खंबा गिरने से शॉर्ट सर्किट होने लगी जिसकी सूचना तत्काल एसईसीएल के सिविल विभाग को दी गई, जिसके बाद तत्काल लाइन को बंद किया गया।
बताया जा रहा है कि खंभे के नीचे के हिस्से में जंग लग गया है जिसके कारण वह गिर गया। आपको बता दें कि इस इलाके इसके जैसे कई खंभे की हालत जंग खाकर टूटकर गिरने की कगार पर है जो कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना को अंजाम दे सकते हैं। हैरत की बात तो यह है कि लोगों की कई शिकायतों के बावजूद इस पर अमल नहीं किया जा रहा है।
खबर से नहीं पड़ा फर्क
ऐसे ही एसईसीएल सुभाष ब्लॉक स्थित ट्रांसफार्मर के पास लगे बिजली खंभे की हालत जर्जर हो चुकी है। जंग लगे बिजली के पोल को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कभी ये अगर अचानक सड़क पर चलती जनता पर गिर जायें तो क्या स्थितियां होंगी। ऐसा नहीं है कि एसईसीएल प्रबंधन व विद्युत विभाग को इस बात की जानकारी न हो लेकिन साहब जागें तो क्यों जागें जब तक कोई घटना न घटे या फिर किसी की जान न चली जाये। इस समस्या के कारण हादसे की संभावना को देखते हुए सीजी एनएन 24 न्यूज द्वारा इसे पोर्टल पर प्रकाशित किया गया था लेकिन अभी तक खंभे की स्थिति जस की तस बनी हुई है। साफ है कि किसी बड़ी घटना पर ही जब जनता विभागों के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी तब ही जाकर कुछ असर विभागीय अधिकारियों पर होगा।

