जमीन विवाद में भतीजे ने चाचा पर किया जानलेवा हमला, आरोपी फरार

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर भतीजे ने अपने चाचा पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें चाचा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उनका इलाज जारी है।

यह पूरा मामला हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सलोराखार का है। हीरा सिंह (62वर्ष) ने बताया कि वो घर के बाहर चबूतरे पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उनका भतीजा तेजभुवरन वहां आया। उसने अकेला देखकर चाचा पर डंडे, लात और मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में हीरा सिंह के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घायल पीड़ित ने मदद के लिए आवाज लगाई। लेकिन बस्ती से दूर होने के कारण कोई नहीं पहुंच पाया। वह लहूलुहान हालत में वहीं पड़े रहे। कुछ देर बाद एक ग्रामीण की नजर पड़ी। उसने परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

पीड़ित का कहना है कि इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर कई बार झगड़े हो चुके हैं। उन्हें डर है कि भतीजा फिर से हमला कर सकता है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस चौकी को मामले की सूचना दे दी है। आरोपी तेजभुवरन घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Share This Article