BJP नेता नटवर शर्मा ने महिला पंच को दी गंदी गाली व धमकी, नदी में रेत लेने को लेकर हुआ विवाद, महिला पंच ने करतला थाने में कराया FIR दर्ज

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के करतला बांकीमोगरा घटना के बाद अब कुदमुरा में भाजपा नेता का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा पर महिला पंच ने अश्लील गाली व धमकी देने का आरोप लगाया है। नदी में रेत लेने को लेकर विवाद हुआ था जिसका वीडियो भी सामने आया है। कोरबा ब्लाक अंतर्गत कुदमुरा पंचायत के वार्ड क्रमांक 5 की पंच गीता यादव ने नटवर शर्मा के विरुद्ध करतला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पंच की रिपोर्ट पर नटवरलाल शर्मा के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है। 

पूरा मामला करतला थाना क्षेत्र का है। गीता यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 6 जून 2025 को कुदमुरा से होकर बहने वाली मांड नदी के पास रेत लेने के लिए गई हुई थी। घरेलू कार्य के लिए रेत लेने के दौरान नटवरलाल शर्मा जो वहां मौजूद था, उसने कहा कि छोटी गाड़ी को रेत नहीं देंगे और गाड़ी वापस ले जाओ, मेरा खदान है मैं जिसको चाहूं उसको रेत दूंगा। विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए चारित्रिक लांछन लगाकर जान से मारने की धमकी देकर वहीं पर गाड़ी सहित गाड़ देने की धमकी नटवरलाल शर्मा के द्वारा दी गई। इसके बाद घर लौटकर परिवार वालों से सलाह मशवरा के बाद 8 जून को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।

गीता यादव के मुताबिक जिस वक्त धमकी दी गई उस दौरान वहां संजू लहरे, द्वारका राठिया और एक अन्य नगर सैनिक सहित गांव के लोग मौजूद थे और सबने घटनाक्रम को देखा है। इस तरह के व्यवहार और बर्ताव से वह अपमानित महसूस कर रही है। पंच की रिपोर्ट पर नटवरलाल शर्मा के विरुद्ध धारा 296, 351 (3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। अब देखना होगा कि पुलिस द्वारा भाजपा नेता नटवर लाल शर्मा पर किस प्रकार कार्यवाही की जाती है।

Share This Article