कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के एक युवक की ओडिशा में संदिग्ध मौत हो गई थी। युवक ओडिशा के रायगढ़ा स्थित अलमिना पावर प्लांट में बतौर सुपरवाइजर काम करने गया था जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजन की मांग पर प्रशासन ने युवक की कब्र खोदने की अनुमति दी। जहां 2 महीने बाद कब्र खोदकर बाहर निकाला गया और जांच कार्यवाही की गई।
यह पूरा मामला बालको नगर थाना क्षेत्र का है। रुमगरा का रहने वाला तबरेज रजा (24 वर्ष) अप्रैल 2025 में स्थानीय ठेकेदार अरुण पाल के साथ ओडिशा के रायगढ़ा में पावर प्लांट में काम करने गया था। 15 दिन बाद 19 अप्रैल को ठेकेदार ने जानकारी दी कि तबरेज की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। ठेकेदार ने परिवार को मामूली बीमारी बताकर ओडिशा आने से मना कर दिया। इसके बाद वह सीधे लाश लेकर कोरबा पहुंच गया। जहां युवक का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार ने मामले में संदेह होने पर कलेक्टर से जांच की मांग की। अब फिर से कब्र खोदकर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। मृतक के पिता ने ठेकेदार पर कुछ छुपाने का आरोप लगाया है।

वहीं मृतक तबरेज के पिता नजर इमाम ने बताया कि- तबरेज अपने 15 साथियों के साथ ओडिशा गया था। वहां वह ड्राइवरी और सुपरवाइजर का काम करता था। वह रोज फोन पर बात करता था और स्वस्थ था। उसे कोई बीमारी नहीं थी। 19 अप्रैल की सुबह ठेकेदार ने फोन किया कि आपके बेटे के हाथ पैर में अकड़न हो रही है। तब मैंने इलाज की बात कही थी, अब इलाज हुआ या नहीं ये पता नहीं चल पाया। शाम को फिर फोन आया कि उसकी डेथ हो गई। अचानक उसे क्या हो गया, वो मैं जानना चाहता हूं।
परिजनों ने बताया कि उन्होंने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कलेक्टर से गुहार लगाई। जहां प्रशासन ने कब्र खोदकर पोस्टमॉर्टम की अनुमति दी। तहसीलदार दीपक पटेल ने बताया कि आवेदन के आधार पर परमिशन दी गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद पुनः दफना दिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।।
