कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के रजकम्मा मदनपुर गांव में 4 दिन से बिजली की समस्या से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह 6 बजे से बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल रहे।
पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से उनकी मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। पानी की आपूर्ति बंद होने से लोगों को 2-3 किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से मोटर बंद है जिससे लोगों को तालाब का गंदा पानी, कुएं का पानी पीना पड़ रहा है। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि बिजली नहीं होने से बच्चे रातभर नहीं सो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग को दी गई लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिसके कारण विवश होकर उन्हें चक्का जाम करना पड़ा।
ग्रामीण महिला चंद्रमती ने बताया कि मंगलवार से उनके गांव में बिजली नहीं आई है। आसपास के घरों में लोग उल्टी, दस्त की समस्या से परेशान हैं। घरों के मोबाइल फोन में चार्ज नहीं है। उन्होंने मांग की है कि तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए। हद तो तब हो गई जब चक्काजाम के बाद भी न तो विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल की गई, जिससे ग्रामीण अत्यधिक आक्रोशित नजर आए।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाईश दी गई, आश्वासन दिया गया की समस्या का शीघ्र ही निराकरण किया जाएगा जिसके बाद ही ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे हैं और विद्युत व्यवस्था बहाल करने में लगे हुए हैं।
