शराब की बोतल में कीड़ा मिलने से हड़कंप, ग्राहकों ने किया हंगामा

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शराब के शौकीनों की चिंता अब सिर्फ सेहत को लेकर ही नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता को लेकर भी बढ़ गई है। कटघोरा की सरकारी देशी शराब दुकान से खरीदी गई एक बोतल में कीड़ा पाए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही ग्राहक ने बोतल में कीड़ा देखा, उन्होंने तुरंत हंगामा खड़ा कर दिया।

जानकारी के अनुसार मुख्य मार्ग पर आबकारी विभाग के द्वारा उक्त मदिरा दुकान का संचालन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ एक्साईज की ओर से लॉंच किये गए प्रोडक्ट यहां पर रखे गए हैं।
यहाँ 10 घंटे से भी अधिक समय तक लोगों को खरीदने की सुविधा मिल रही है। बताया जा रहा हैं की रविवार को भी कुछ ग्राहक शराब लेने पहुंचे थे। एक ग्राहक ने पूरी कीमत अदा कर शराब की बोतल खरीदी थी। जब उसने बोतल को ध्यान से देखा, तो उसमें कीड़ा नजर आया। यह देख ग्राहक घबरा गया और तुरंत आवाज उठाई। देखते ही देखते वहां हंगामा शुरू हो गया, और यह खबर आस-पास के इलाकों में तेजी से फैल गई। शराब की बोतल में कीड़ा मिलने से ग्राहकों में भारी आक्रोश है।

यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कोरबा जिले की कुछ शराब दुकानों में मदिरा में मिलावट के गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। उन मामलों ने भी शराब की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए थे। अब कटघोरा की घटना ने एक बार फिर से प्रशासन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर उंगली उठाई है।

Share This Article