पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, NH-130 पर की आर्थिक नाकेबंदी, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात, देखें वीडियो….

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद प्रदेशभर में कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में कोरबा में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आर्थिक नाकेबंदी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। जिले के अंबिकापुर-कटघोरा नेशनल हाईवे (NH-130) स्थित जेजरा बायपास चौक पर कांग्रेसियों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और केंद्र सरकार व ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के कारण इस मार्ग पर यातायात कई घंटों तक बाधित रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और कटघोरा के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन पूरे छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। पूर्व विधायक मोहितराम केरकेटा ने बताया कि ईडी ने चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन पर गिरफ्तार किया है, ये राजनीतिक षडयंत्र है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है और ईडी को भाजपा सरकार अपने हित में हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है।मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता देर तक सड़क पर डटे रहे।

प्रदर्शन दोपहर 12 से 2 बजे तक चला। इस दौरान केवल मालवाहक वाहनों को रोका गया। सवारी वाहनों को जाने दिया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर भारी संख्या पुलिस बल तैनात थे।

 

 

Share This Article