भू-विस्थापितों ने नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन, पुलिस के बीच हुई झड़प, कलेक्ट्रेट में जमकर हंगामा, देखें वीडियो….

2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले में अधिग्रहित जमीन के मालिकों ने बुधवार को SECL कुसमुंडा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पाली, पड़निया और आसपास के गांवों के ग्रामीण सैकड़ों की संख्या में सुभाष चौक पहुंचे और आरोप लगाया कि उनकी जमीन अधिग्रहित कर ली गई, लेकिन न तो सरकारी नौकरी मिली, और न ही पूरा मुआवजा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई। मामले ने तूल पकड़ा तो सीएसपी ने जांच का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों ने सुभाष चौक पर पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्य गेट पर जोरदार हंगामा हुआ। गेट के सामने नारेबाजी की गई और मांगों को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारे लगे। झड़प में कुछ महिलाओं को धक्का लगने की भी बात सामने आई है, महिलाओं ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया है।

महिलाओं ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने प्रबंधन कार्यालय में अर्धनग्न प्रदर्शन भी किया था। मांगें पूरी न होने पर आज पुतला दहन के साथ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। मामले में नगर सीएसपी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान हुए अभद्रता और झड़प की शिकायतों की जांच की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।

 

Share This Article