कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में एक में 6 साल की मासूम बच्ची की सांप के डसने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब गांव में बिजली गुल थी और बच्ची देर रात अपने घर के आंगन में शौच के लिए गई थी। अंधेरे में उसे करैत सांप ने डस लिया। परिजनों को जब जानकारी मिली और इलाज के लिए ले जाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक यह मामला मूढूनारा गांव का है। मृतका मोनी राठिया के पिता रूप सिंह राठिया ने बताया कि रात लगभग 2 बजे बेटी टॉयलेट के लिए उठी थी। बिजली न होने के कारण मोबाइल का टॉर्च जलाकर आंगन में ही टॉयलेट के लिए निकली थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसे डस लिया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल एक निजी वाहन की व्यवस्था कर अस्पताल ले जाने की कोशिश की। लेकिन गांव के पास नाला उफान पर था और पुल नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरन 27 किलोमीटर का लंबा चक्कर काटना पड़ा। जब तक वे जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्ची मोनी को मृत घोषित कर दिया। शोक में डूबे पिता का आरोप है कि यदि गांव में पुल की सुविधा होती, तो उनकी बेटी को समय पर इलाज मिल सकता था और उसकी जान बच सकती थी।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर से ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक न तो कोई पुल बना और न ही सड़क का काम शुरू हुआ। गांव की स्थिति यह है कि हर बारिश में नाले उफान पर आ जाते हैं और आपातकालीन स्थिति में इलाज के समय पर पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
