पावर प्लांट में बड़ा हादसा, ऊंचाई से गिरकर वेल्डर की मौत, जानें पूरा मामला…

3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के हसदेव थर्मल पावर स्टेशन (HTPS) में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक कांट्रैक्ट वर्कर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सूरज गोस्वामी के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के कटनी जिले का रहने वाला था और दर्री क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर काम करता था। सूरज एमएस कंस्ट्रक्शन कंपनी के माध्यम से HTPS के कन्वेयर बेल्ट सेक्शन में वेल्डर के पद पर पिछले डेढ़ साल से कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव थर्मल पावर स्टेशन की है। सूरज गोस्वामी मंगलवार को अपनी ड्यूटी के दौरान कन्वेयर बेल्ट की मेंटेनेंस के लिए ऊपर चढ़ा था। इसी दौरान वह करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे इस तरह की दुर्घटना हुई।

मृतक की मां मिथला गोस्वामी ने बताया कि सूरज घर का इकलौता बेटा था और हाल ही में उसकी शादी हुई थी। वह अकेले अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। बेटे की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और अन्य स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने ठेकेदार और कंपनी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 11 लाख रुपए मुआवजे की मांग की।

स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। अधिकारियों की मध्यस्थता और बातचीत के बाद ठेकेदार ने 11 लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति जताई। तत्काल राहत के रूप में 4 लाख रुपए नकद मृतक के परिजनों को दिए गए। शेष राशि की व्यवस्था शीघ्र करने का आश्वासन दिया गया है।

दर्री पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर से औद्योगिक संस्थानों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article