कोरबा: पूर्व खेल अधिकारी के घर को चोरों ने दूसरी बार बनाया निशाना, कार समेत कीमती सामान ले भागे चोर

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कमला नेहरू महाविद्यालय के पूर्व खेल अधिकारी एस. के. शर्मा के बंद घर को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सुभाष चौक से कुछ दूरी पर एमआईजी-53, फेस-2 में चोर देर रात घर का मुख्य ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए। घर में रखे सामान को खंगालने के साथ ही आंगन में खड़ी कार को भी लेकर फरार हो गए। विशेष बात यह है कि यह दूसरा मौका है जब चोरों ने इसी घर को निशाना बनाया। पहली बार चोर केवल ताला तोड़कर लौट गए थे और कोई सामान चोरी नहीं हुआ था, लेकिन इस बार बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया।

रविवार सुबह जब आसपास के लोगों ने घर का ताला टूटा देखा तो उन्होंने तुरंत डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। घर के मालिक एस.के. शर्मा इन दिनों त्यौहार के अवसर पर हैदराबाद गए हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं। उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान का पूरा विवरण सामने आ सकेगा।

पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज से आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई तेज की गई है। 

यह वारदात सिविल लाइन जैसे पॉश इलाके में होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग भी दहशत और असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।

Share This Article