कटघोरा वनमंडल में हाथियों का आतंक, पसान से दर्रीपारा पहुंचा 10 हाथियों का दल

2 Min Read

कटघोरा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कटघोरा वनमंडल में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में घुसकर ये हाथी जहां किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, वहीं लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार पसान रेंज के जल्के सर्किल में सक्रिय 10 हाथियों का दल अब केंदई रेंज के सिरमिना सर्किल अंतर्गत दर्रीपारा गांव पहुंच गया है। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने हाथियों को दर्रीपारा के जंगल में विचरण करते देखा। हाथियों के गांव के करीब पहुंचते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले यही झुण्ड पसान रेंज के मांझापारा में घुस गया था। यहां हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया और खेतों में लगी धान व मकई की फसल को रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। कई किसानों की पूरी फसल चौपट हो गई है।

फसलों के नुकसान से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी और चिंता है। उनका कहना है कि लगातार हो रही इन घटनाओं से आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, हाथियों की मौजूदगी से लोग रातभर जागकर सुरक्षा करने को मजबूर हैं।

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि हाथियों को आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते वन विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। हाथियों के डर से गांवों में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

Share This Article