कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिला जेल से फरार हुए चौथे आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। लगातार चल रही सघन तलाशी और ऑपरेशन के तहत पुलिस ने शनिवार को हाटी के जंगल से आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदशेखर राठिया के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि बीते दिनों जेल से चार आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया था, लेकिन चौथा आरोपी फरार होने में सफल रहा था। इसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार जंगल और आसपास के इलाकों में सर्चिग कर रही थीं। आखिरकार इस अभियान में सफलता मिली और अब सभी चारों फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी चंदशेखर राठिया पिछले कुछ दिनों से हाटी के जंगल में छिपा हुआ था। जैसे ही पुलिस को मुखबिर से उसकी लोकेशन की जानकारी मिली, टीम ने दबिश देकर उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अभिवकांत सिंह, एएसआई अजय सिंह, आरक्षक सुजीत कुरी, अनिल साहू और हरीश मरावी की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कामयाबी लगातार की गई मेहनत, टीम वर्क और सघन खोजबीन का नतीजा है।
जिले में यह गिरफ्तारी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस कार्रवाई से न केवल पुलिस का मनोबल बढ़ा है, बल्कि आम जनता का भरोसा भी सुरक्षा व्यवस्था पर और मजबूत हुआ है।
