कोरबा: ठेकेदार का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट, स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए, आरोपियों पर मामला दर्ज

2 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले में आदिवासी ठेकेदार के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंडरीपानी गांव निवासी इंद्रपाल सिंह कंवर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके साथ सीएसईबी कर्मी और राखड़ ठेकेदार के गुर्गों ने न केवल दबंगई दिखाई, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।

बताया जा रहा है कि इंद्रपाल सिंह कंवर काम से बेदरकोना से वापस लौट रहे थे, तभी सीएसईबी कर्मी नंदू पटेल अपने साथियों दुरेंद्र पटेल, राजू पटेल और शत्रुहन के साथ वहां पहुंचा। बिना किसी कारण विवाद शुरू हुआ और आरोपियों ने इंद्रपाल पर हमला कर दिया।

जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया। जब उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाने की कोशिश की, तो उनके मुंह और आंखों पर कपड़ा बांध दिया गया। इसके बाद आरोपी उन्हें शारदा विहार स्थित एक कंपनी के दफ्तर में ले गए, जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई।

सुनसान सड़क पर फेंक दिया

पिटाई करने के बाद आरोपियों ने इंद्रपाल को ढेलाडीह मार्ग पर फेंक दिया। इस दौरान उन्होंने साफ तौर पर धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार देंगे।

डरे-सहमे इंद्रपाल ने आखिरकार सिविल लाइन थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों नंदू पटेल, दुरेंद्र पटेल, राजू पटेल और शत्रुहन के खिलाफ अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

कोरबा एसपी भूषण एक्का ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article