कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में नहर में गिरी JCB मशीन के चालक का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान सन्डैल निवासी अमित पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार रात 18 सितंबर की है। जहां नहर किनारे काम कर रही JCB अनियंत्रित होकर अचानक पानी में जा गिरी। चालक ने पहले वाहन को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन रिवर्स लेते समय JCB दोबारा पलट गई और नहर में गिर गई। इसी दौरान चालक तेज बहाव में बह गया।

मौके पर मौजूद बाइक सवार युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में JCB के नहर में गिरने और चालक को बाहर निकालने की कोशिशें साफ दिखाई देती हैं।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि नगर सेना और पुलिस की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही। अंततः रविवार को चालक का शव ग्राम रीवा बहार के पास बरामद किया गया। परिजनों को सूचना दी गई और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मृतक अमित पटेल परिवार का इकलौता सहारा था। इस दुखद घटना से परिवार को बड़ा सदमा लगा है।
