कोरबा: पुलिसकर्मी से मारपीट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आईटीआई चौक में तीन महीने पहले पुलिसकर्मी संजय लहरे से मारपीट के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी दिव्य साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए दिव्य साहू को पोड़ी बहार स्थित उसके एक दोस्त के घर से पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि वह अकलतरा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और हाल ही में पोड़ी बहार आया था।

सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी दिव्य साहू के खिलाफ पूर्व से ही बलवा व मारपीट सहित कुल आठ मामले दर्ज हैं। घटना के दिन एक व्यक्ति का सड़क किनारे कपड़े बेच रहे युवक से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने फोन कर बालको चेक पोस्ट से दिव्य साहू और चार अन्य युवकों को बुलाया। इन लोगों ने मौके पर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी संजय लहरे के साथ मारपीट की और लोहे का चापड़ लहराया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। दिव्य साहू की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस शेष तीन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article