कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लिफ्ट का केबल चोरी करते दो युवक गिरफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

1 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिला अस्पताल में  दो युवक लिफ्ट का केबल चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए। दोनों आरोपी खुद को मरीज का परिजन बताकर अस्पताल में प्रवेश करते थे और मौका पाकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना मंगलवार शाम की है जहां सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़े गए इन चोरों को अस्पताल परिसर से बाइक (CG-12-BF-6977) में मोटा केबल बांधकर ले जाते समय पकड़ा गया। अस्पताल के असिस्टेंट मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविकांत जाटवर ने संदेह होने पर तुरंत सिक्योरिटी को सूचना दी, जिसके बाद घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा गया।

अस्पताल में पहले भी ऑक्सीजन पाइप, नल की टोटियां, केबल और अन्य जरूरी सामान चोरी हो चुके हैं। वाहन स्टैंड और डॉक्टर्स कॉलोनी से भी चोरियों की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पकड़े गए युवकों को सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है और पूछताछ जारी है। संभावना है कि ये दोनों किसी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

Share This Article