SECL में क्लर्क के 536 पदों पर विभागीय परीक्षा 1 नवंबर को, प्रवेश पत्र जारी….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में खाली पड़े क्लर्क वर्ग के 536 पदों को भरने के लिए विभागीय परीक्षा 1 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

परीक्षा के आयोजन के लिए बिलासपुर स्थित चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा दिवस पर सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक दो घंटे की अवधि में आयोजित की जाएगी।

एसईसीएल के श्रमशक्ति बजट 2024-25 के अनुसार, क्लर्क वर्ग के कुल 536 पदों में से 395 पद सामान्य वर्ग, 80 अनुसूचित जाति (SC), 40 अनुसूचित जनजाति (ST) और 21 पद दिव्यांग कर्मियों के लिए आरक्षित हैं।

इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई 2025 तक पूरी की गई थी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र पर संबंधित स्टाफ ऑफिसर के हस्ताक्षर और मुहर अनिवार्य रूप से करवानी होगी। बिना हस्ताक्षर या मुहर के प्रवेश पत्र अमान्य माना जाएगा। परीक्षा हॉल में मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्टवॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की अनुमति नहीं होगी।

लिखित परीक्षा 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्नों पर आधारित होगी —

40 अंक विषय ज्ञान, मानसिक योग्यता, मात्रात्मक तर्क और तार्किक कौशल पर,

40 अंक सामान्य जागरूकता, सामान्य ज्ञान और कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) व एसईसीएल से संबंधित प्रश्नों पर,

तथा 20 अंक कंप्यूटर ज्ञान पर आधारित होंगे।

परीक्षा में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को न्यूनतम 40% और SC/ST वर्ग के उम्मीदवारों को न्यूनतम 30% अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा।

Share This Article