कोरबा में हाथियों का कहर: खेतों में तैयार फसल को बर्बाद कर रहे हाथी, किसानों की बढ़ी चिंता

2 Min Read

कोरबा:

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है और किसान कटाई में जुटे हैं, लेकिन इसी बीच हाथियों की बढ़ती सक्रियता ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई क्षेत्रों में हाथियों के झुंड खेतों में घुसकर तैयार फसल को रौंद रहे हैं, जिससे भारी नुकसान हो रहा है।

कटघोरा वनमंडल के पसान और केंदई रेंज में करीब 42 हाथियों का दल सक्रिय है, जो लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। वहीं कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 38 हाथियों का झुंड उत्पात मचा रहा है। करतला के बड़मार क्षेत्र में मौजूद इस दल के 34 हाथी अलग होकर पीड़िया गांव पहुंचे और वहां धान की फसल को बर्बाद कर दिया। बड़मार में शेष चार हाथी वन विभाग के प्लांटेशन क्षेत्र में पहुंच गए और वहां लगे गेट तथा पौधों को नुकसान पहुंचाया, जिससे आर्थिक हानि हुई है।

उधर, कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में उत्पात मचाने वाला 42 हाथियों का दल बीती रात केंदई रेंज के लमना इलाके में देखा गया। रास्ते में हाथियों ने आमाटिकरा, हरमोर, कलमीटिकरा और लमना गांव की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया।

हाथियों की बढ़ती गतिविधि को देखते हुए वन विभाग का अमला सतर्क हो गया है। क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है और टीम लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर रखे हुए है।

Share This Article