40 हजार महिलाओं से अरबों की ठगीः फ्लोरामैक्स घोटाले पर ST आयोग सख्त, राज्य सरकार से 30 दिनों के भीतर मांगी विस्तृत रिपोर्ट 

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले की करीब 40 हजार ग्रामीण महिलाओं से अरबों रुपये की ठगी करने वाली फ्लोरामैक्स कंपनी के खिलाफ राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य सरकार को केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित महिलाओं का पैसा वापस दिलाने के निर्देश दिए हैं।

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने 9 दिसंबर 2024 को आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कंपनी ने महिलाओं को 30-30 हजार रुपये का लोन दिलवाकर उनसे निवेश कराया और लगभग 120 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।

13 आरोपी गिरफ्तार, 10 को मिली जमानत

मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिनमें से 10 को जमानत मिल चुकी है। आयोग के समक्ष उपस्थित बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन ने बताया कि जांच अधिकारी आरोपियों की संपत्तियों का पता लगाकर पीड़ित महिलाओं का पैसा वापस दिलाने की कार्रवाई कर रहे हैं। कुछ संपत्तियां बरामद भी की गई हैं।

आयोग ने 30 दिन में मांगी विस्तृत रिपोर्ट

आयोग ने मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर 30 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट और अब तक की कार्रवाई की जानकारी देने को कहा है। आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि एफआईआर और न्यायालय में प्रस्तुत चालान में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएँ जोड़ी जाएँ और आरोपियों की संपत्तियाँ जब्त कर पीड़ित आदिवासी महिलाओं को राशि लौटाई जाए।

Share This Article