कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां छह युवकों ने दो तहसीलदारों की जमकर पिटाई कर दी। दोनों अधिकारियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानू और दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा मंगलवार रात आदर्शनगर स्थित रमेश जेंट्स ब्यूटी पार्लर (सैलून) पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों को पटवारी त्रिलोक सोनवानी ने इस सैलून के बारे में जानकारी दी थी, जहां नस और शरीर दर्द के लिए मालिश की जाती है।
रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दोनों तहसीलदार अपनी-अपनी काली स्कॉर्पियो गाड़ियों से सैलून पहुंचे। इसी दौरान नशे में धुत कुछ युवकों का तहसीलदार अमित केरकेटा के ड्राइवर से पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तहसीलदार बाहर आए और युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात हाथापाई में बदल गई। युवकों ने दोनों अधिकारियों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों तहसीलदारों का उपचार एक निजी अस्पताल में जारी है।
थाना प्रभारी तिवारी ने बताया कि पुलिस ने चार आरोपियों- पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी हितेश सारथी एक आदतन अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
