कोरबा रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिरते-गिरते बची युवती

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब हसदेव एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में एक युवती चलती ट्रेन के नीचे आने से बाल-बाल बच गई। समय रहते मौजूद आरपीएफ जवानों और टीटीई ने स्थिति को संभाला और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर समझाइश दी।

सुबह लगभग 6:35 बजे हसदेव एक्सप्रेस रायपुर के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान दो सगी बहनें दौड़ते हुए प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं। बड़ी बहन किसी तरह ट्रेन में चढ़ गई, लेकिन छोटी बहन को आरपीएफ जवानों ने रोक दिया। बड़ी बहन ने अपनी छोटी बहन को प्लेटफॉर्म पर खड़ा देख चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की, जिससे वह लगभग ट्रेन के पहियों के पास जा पहुंची। हालांकि पुलिस की तत्परता ने उसे गंभीर हादसे से बचा लिया।

इसी तरह की एक अन्य घटना में एक परिवार अपनी एक साल की बच्ची को गोद में लेकर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, जिसे आरपीएफ ने रोककर समझाया। स्टेशन पर देर से पहुंचने वाले यात्रियों द्वारा बार-बार खतरा मोल लेने की स्थिति देखी गई। कई लोग ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिन पर रेलवे सुरक्षा बल लगातार नजर रख रहा था।

आरपीएफ थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लाउडस्पीकर के माध्यम से चेतावनी दी जाती है कि चलती ट्रेन में चढ़ना बेहद खतरनाक है। उन्होंने यात्रियों से समय से स्टेशन पहुंचने और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

Share This Article