कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा एसईसीएल की गेवरा खदान में गुरुवार को 24 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा हादसा हो गया। पहली घटना में एक एसईसीएल कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी घटना में निजी कंपनी के इंजीनियर की मौत हो गई। इस घटना के बाद से मजदूरों में हड़कंप मच गया है।
गुरुवार को गेवरा खदान में भठोरा खनन फेस के नजदीक कैंप में लिक्विड एक्सप्लोसिव छोड़कर वैन वापस लौट रही थी। वाहन में तीन लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि भठोरा फेस के पास शाम लगभग 4 बजे एक्सप्लोसिव वैन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में रलिया निवासी गोरेलाल पटेल (52 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार दो लोग घायल हो गए। मृतक खदान में नियोजित श्री कृष्णा एक्सप्लोसिव एंड एसेसरीज कंपनी में इंजीनियर था।
इससे पहले बुधवार की देर रात गेवरा खदान में हादसा हुआ था। जहां पार्था फेस पर मिट्टी अनलोड करते समय डंपर स्लाइड होकर 80 फीट नीचे गिरने से ऑपरेटर कुचैना निवासी पुष्पराज (56 वर्ष) घायल हो गया था और वाहन में ही फंस गया था। सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारी-कर्मचारियों ने डंपर का कांच तोड़कर उसे बाहर निकाला। इसके बाद एनसीएच अस्पताल में भर्ती कराया। घायल ऑपरेटर की हालत गंभीर होने पर यहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।
