उधार के पैसे मांगने पर युवक पर चाकू से किया हमला
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: रायपुर जिले में चाकूबाजी थमने का नाम नही ले रहा है पुलिस सख्त से कार्यवाही कर रही है उसके बावजूद अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हैं। ताजा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। जहां उधार दिए हुए पैसे वापस मांगने पर युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
इस मामले में प्रार्थी सोहेल सुफी अहमद ने आजाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज करवाया है, और पुलिस को बताया कि मंगलवार को रात 10:30 के करीब लिली चौक के पास पहुंचा था। तभी वहां पर शिवम धीवर और तुषार जायसवाल दिख गए। सोहेल ने शिवम से 2 महीने पहले दिए हुए उधारी के 5 हजार रुपए वापस मांगे। शिवम ने पैसे देने के लिए आनाकानी की। जिसके बाद सोहेल ने शिवम की गाड़ी की चाबी खींच ली। इस बात से शिवम नाराज हो गया। उसने अपने पास रखे चाकू को निकाल कर सोहेल के गले और हाथ पर वार कर दिया। चाकू सोहेल के गले को चीरते हुए अंदर घुस गया जिससे तेजी से खून निकलने लगा। सोहेल घायल होकर जमीन पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल इस मामले में आजाद चौक पुलिस में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल कर रही है।
