पतंग के मांझे से मासूम बच्चे की हुई मौत
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में पतंग के मांझे से एक बच्चे की मौत हो गई। यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि धनेश साहू अपने बच्चे पुष्कर साहू के साथ रविवार शाम 5 बजे संतोषी नगर से कटोरा तालाब गार्डन घूमने जा रहे थे। तभी पचपेड़ी नाका के पास अचानक एक मांझा बच्चे के गले के पास फंस गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। धनेश ने गाड़ी रोककर जैसे-तैसे मांझे को बाहर निकाला और उसे आनन फानन में पास के ही एक निजी अस्पताल लेकर गए लेकिन इलाज नहीं हो पाया। फिर उसे मेकाहारा रिफर किया गया। जहां बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मांझे से महिला वकील भी गंभीर रूप से घायल
रायपुर के पंडरी मॉल के पास एक्सप्रेस-वे पर महिला वकील पूर्णशा कौशिक स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान मांझा उनके गले पर आ गया। जिससे उनके गले में लंबा कट लग गया। जब वो जान बचाने के लिए हड़बड़ाते हुए मांझे को निकालने की कोशिश तो उनके हाथ का अंगूठा भी कट गया। आसपास मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां उनका इलाज जारी है।
