कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर व जिले में पुलिस सुरक्षा कड़ी होने के दावों के बीच रात को चोरों ने दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि आवाजाही रोड पर एक पिकअप गाड़ी रुकती है, गाड़ी से उतरे लगभग 4-5 लोग कटर मशीन से बिजली का खंभा काटते हैं और महज कुछ पल में उसे वाहन में लादकर चले जाते हैं। वीडियो में पास रखे अन्य खंभे और एक खंभे को दो टुकड़ों में काटा हुआ भी दिखाई देता है।
घटना के समय सड़क पर आवाजाही जारी थी, फिर भी चोर आराम से चोरी करते दिखाई दिए। यह वारदात त्योहारी सीजन के दौरान हुई है जिस इलाके के पास पावर हाउस रोड चौक पर जवानों की तैनाती रहती है लेकिन वायरल वीडियो से यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि घटनाक्रम के दौरान तैनात जवान वहां मौजूद थे या नहीं।
वायरल फुटेज के बाद वहाँ के नागरिकों में चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। कई लोग सोशल मीडिया पर यह सवाल उठा रहे हैं कि ऐसे खुलेआम खंभे काटकर चोरी करने वालों को पुलिस कब पकड़ पाती है और क्या उनके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है जिसे जल्द ध्वस्त करने की जरूरत है।
पुलिस से आधिकारिक टिप्पणी अभी प्राप्त नहीं हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद पड़ताल, आसपास के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा और घटना स्थल के साक्ष्य इकट्ठा करने जैसे कदम अपेक्षित हैं ताकि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।
