नर्स की चाकू मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला, आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय नर्स प्रियंका दास की उसके ही बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह प्रेम संबंधों में खटास और शक था। पुलिस ने आरोपी युवक दुर्गेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना गुरुवार सुबह तब सामने आई, जब मृतका की रूममेट नाइट ड्यूटी से लौटकर कमरे में पहुंची। कमरे के अंदर खून से लथपथ प्रियंका की लाश पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

ASP डॉ. पोर्ते के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी दुर्गेश वर्मा को गुढियारी इलाके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में युवक ने हत्या की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि प्रियंका किसी और युवक से बात कर रही थी, जिससे वह नाराज था। वारदात से एक दिन पहले ही उसने चाकू खरीदा और अगली सुबह प्रियंका के कमरे में जाकर उस पर हमला कर दिया।
मृतका निजी अस्पताल में करती थी काम
प्रियंका दास एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं और मनेंद्रगढ़ की मूल निवासी थीं। वह रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में किराये पर सहेलियों के साथ रह रही थीं। हत्या से एक दिन पहले वह अस्पताल में ड्यूटी पर थीं।
पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह की चीख-पुकार या झगड़े की आवाज नहीं सुनी। इससे साफ है कि आरोपी ने वारदात को बेहद चालाकी से अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
