कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के सोनालिया चौक के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मोबाइल दुकान में जा घुसी। इस हादसे में एक राहगीर और दुकानदार बाल-बाल बच गए, जबकि दुकान को भारी नुकसान हुआ है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और इसके बाद सीधे सड़क किनारे स्थित मोबाइल दुकान में जा घुसी। कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।
नशे में थे तीनों युवक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार में सवार तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, सभी युवक शराब के नशे में थे।
पहले से मचा रहे थे उत्पात
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कार करीब आधे घंटे से सोनालिया चौक और टीपी नगर इलाके में तेज रफ्तार से घूम रही थी। शराब दुकान के पास भी युवकों ने हंगामा किया था।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ लिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
