कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: NTPC Limited के कोरबा स्थित पावर प्लांट में बुधवार सुबह बड़ा श्रमिक आंदोलन शुरू हो गया। गेट नंबर-2 पर बड़ी संख्या में ठेका मजदूर इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने लगे और प्लांट का मुख्य प्रवेश द्वार जाम कर दिया। इससे प्लांट के कामकाज पर असर पड़ने की जानकारी सामने आई है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि ठेका कंपनी द्वारा लंबे समय से उनका शोषण किया जा रहा है। उनका कहना है कि उन्हें केंद्र सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन (मिनिमम वेज) नहीं दिया जा रहा और कार्य के घंटे भी तय मानकों से अधिक हैं। मजदूरों ने प्रबंधन और ठेकेदार के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।
मौके पर सुरक्षा के मद्देनज़र भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। वहीं NTPC प्रबंधन के अधिकारी भी स्थल पर मौजूद हैं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।
NTPC कोरबा की जनसंपर्क अधिकारी ऊष्मा घोष ने बताया कि सुबह से मजदूरों का प्रदर्शन जारी है और प्रबंधन की ओर से उनसे वार्ता की जा रही है। प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे और आंदोलन जारी रहेगा।
