तेज रफ्तार पिकअप का कहर: हादसे में हार्डवेयर कारोबारी की मौत, चालक फरार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कटघोरा में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शहर के प्रतिष्ठित हार्डवेयर व्यापारी दीपक गोयल की मौत हो गई। हादसा शहीद वीर नारायण चौक के पास उस समय हुआ, जब वे पूजा के लिए फूल लेकर बाइक से घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक गोयल सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनकी बाइक पिकअप में फंस गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका। पिकअप बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ती रही। लोगों के शोर मचाने पर चालक बाइक छोड़कर वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 112 और 108 को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल दीपक गोयल को पहले कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सिर और शरीर में गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार, फरार चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस ने जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा किया है।

Share This Article