कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना बांगो क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर चालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सलमान अंसारी, निवासी गढ़वा 26 अप्रैल को अंबिकापुर से कोयला लेकर रायपुर जा रहा था। देर रात करीब 2 बजे हसदेव नदी के पास ट्रेलर का प्रेशर कम होने पर उसने वाहन सड़क किनारे रोक दिया। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बोलेरो में सवार दो युवक वहां पहुंचे और कागजात जांच के बहाने चालक को धमकाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
आरोपियों ने चालक से 7000 रुपये नगद, पर्स में रखे 800 रुपये लूट लिए और QR कोड के जरिए 1700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। इस तरह कुल 9500 रुपये की लूट कर आरोपी फरार हो गए।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बांगो पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम में से 800 रुपये बरामद किए हैं।
दोनों आरोपियों को 28 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना बांगो पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक नरेंद्र डिसेना, आरक्षक जयप्रकाश यादव और रामगोपाल साहू का विशेष योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी:
रौनक सिंह (20 वर्ष), निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर
कुनाल रजक (19 वर्ष), निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर
