मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, निर्माणाधीन पानी टंकी से नीचे गिरने की आशंका
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोर क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक सिंधिया गांव में बन रही पानी टंकी के निर्माण में मजदूर के रूप में काम कर रहा था। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के सिंधिया गांव का है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय महेश्वर शर्मा के रूप में हुई है, जो बिहार के सहारनपुर जिले के वासुदेव गांव का निवासी था। मृतक महेश्वर अपने बेटे के साथ पानी टंकी निर्माण कार्य में लगा हुआ था। दोनों पास ही एक स्टोर रूम में रहते थे। हादसे के बाद बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
महेश्वर रात को निर्माणाधीन पानी टंकी के ऊपर सो रहा था। सुबह उसका शव टंकी के नीचे पड़ा मिला। सुबह ग्रामीणों ने देखा जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस जांच में पता चला कि महेश्वर पिछले कुछ दिनों से गर्मी और मच्छरों से राहत के लिए टंकी के ऊपर सो रहा था। बुधवार रात भी वह खाना खाने के बाद ऊपर सोने गया था, लेकिन सुबह उसका शव नीचे मिला। आशंका जताई जा रही है कि वह रात में टंकी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं महेश्वर के साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है।
