कोसगई माता मंदिर के पास बड़ा हादसा: आग लगने से कार और अस्थायी दुकानें जलकर खाक

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा:  जिले में 14 अप्रैल की देर शाम कोसगईगढ़ पहाड़ी स्थित कोसगई माता मंदिर के पास भीषण आग लग गई। इस घटना में एक कार और मंदिर के पास लगी अस्थायी दुकानें (झालर) पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे पास के खेत में आग लगी थी, जो तेज हवा के कारण फैलते हुए मंदिर परिसर तक पहुंच गई। सबसे पहले आग ने मंदिर के पास लगी झालरों को अपनी चपेट में लिया, जहां चुनरी, श्रृंगार सामग्री और पूजा से जुड़े सामान रखे थे। देखते ही देखते पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़ी एक कार भी इसकी चपेट में आ गई और पूरी तरह जल गई। बताया जा रहा है कि एक श्रद्धालु परिवार दर्शन के लिए मंदिर पहुंचा था और कार नीचे खड़ी कर पहाड़ी पर चढ़ गया था। लौटने पर उन्होंने अपनी कार और दुकानें जलती हुई देखीं।

घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी काफी देर तक दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर नहीं पहुंची।

इस आग से आसपास के जंगल के हिस्से को भी नुकसान हुआ है, साथ ही मंदिर समिति को भी भारी क्षति हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए गर्मी के मौसम में आग से निपटने के बेहतर इंतजाम की मांग की है। घटना की सूचना बालको पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Share This Article