शराब अब प्लास्टिक बोतलों में: पुराने स्टॉक के खत्म होते ही नई सप्लाई शुरू
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: आबकारी विभाग के नए नियम के तहत अब देशी और सस्ती श्रेणी की शराब कांच की जगह प्लास्टिक बोतलों में बेची जाएगी। यह व्यवस्था 1 अप्रैल से लागू हो चुकी है, लेकिन सप्लाई में देरी के कारण अब जाकर इसका असर दुकानों में दिखने लगा है। सोमवार को जिले में शोले और शेरा ब्रांड की देशी शराब की पहली खेप पहुंची, जिसके बाद उन दुकानों में सप्लाई शुरू कर दी गई है जहां पुराना स्टॉक खत्म होने वाला है या समाप्त हो चुका है।
आबकारी विभाग के अनुसार कांच की बोतलों में उपलब्ध देशी शराब का स्टॉक अब सिर्फ एक-दो दिन का ही बचा है। इसके बाद सभी दुकानों में प्लास्टिक बोतल वाली शराब ही उपलब्ध होगी। जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल दो कंपनियों ने ही प्लास्टिक बोतलों में शराब की आपूर्ति शुरू की है। जैसे-जैसे नई खेप आती जाएगी, दुकानों में उसका भंडारण और वितरण किया जाएगा।
रायपुर जिले में प्रतिदिन लगभग 6 हजार पेटी सस्ती शराब और करीब 3 हजार पेटी देशी शराब की खपत होती है। वहीं पहली खेप में सिर्फ 2400 पेटियां ही पहुंची हैं, जिसमें शेरा देशी मसाला और शोले प्लेन शामिल हैं। ऐसे में यदि जल्द ही पर्याप्त सप्लाई नहीं हुई, तो कुछ दुकानों में शराब की कमी (ड्राई स्थिति) भी बन सकती है।
