कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा दर्री थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोस्त भी नदी में कूद गए, लेकिन तेज धारा के कारण वे उसे नहीं बचा सके। हालांकि, वे खुद किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।
जानकारी के मुताबिक घटना कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी की है। बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ पहुंचे युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। शुरुआत में साथियों को लगा कि वह तैर रहा है या मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ ही देर में वह तेज बहाव के साथ आगे बहने लगा।
स्थिति को गंभीर होते देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे उसे पकड़ नहीं पाए और खुद भी बहने से बाल-बाल बचे।
बहने वाले युवक की पहचान 22 वर्षीय नौशाद खान के रूप में हुई है। वह दर्री इलाके की जय भगवान गली का निवासी था और एक निजी कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि नौशाद को तैरना नहीं आता था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना तुरंत दर्री थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों से पूछताछ की। लापता युवक की तलाश के लिए जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। टीम नाव और मोटर की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश जारी है।
हसदेव नदी में तेज बहाव में बहा युवक, दोस्तों के साथ पहुंचा था नहाने, तलाश जारी….
