कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में लगी भीषण आग, आधा दर्जन कंडम एंबुलेंस समेत कई वाहन जलकर खाक, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे परिसर में लंबे समय से खड़ी करीब आधा दर्जन कंडम एंबुलेंस और अन्य वाहन जलकर खाक हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मरीजों के परिजन, अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग की तेज लपटें और उठता हुआ धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था। इसे हटाने की मांग कई बार की गई थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कंडम वाहनों को हटाया जाता, तो इस तरह की घटना की संभावना कम हो सकती थी।

इस संबंध में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डॉ. के.के. सहारे ने बताया कि अस्पताल परिसर में कंडम पड़े वाहनों में आग लगने की घटना सामने आई है। आग कैसे लगी और किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

Share This Article