कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर की सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले एक पिकअप चालक पर पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चालक की पहचान कर उसे पकड़ लिया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 4500 रुपये का जुर्माना लगाया।
दरअसल, यह घटना कुछ दिन पहले कोरबा शहर के व्यस्त टीपी नगर से पावर हाउस रोड के बीच हुई थी। बताया जा रहा है कि पिकअप चालक टाटा मैजिक वाहन को सड़क पर लहराते हुए चला रहा था, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन सोनालिया चौक से टीपी नगर होते हुए बुधवारी तक खतरनाक तरीके से चलाया गया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
शुरुआत में पुलिस के लिए वाहन की पहचान करना मुश्किल था, क्योंकि पिकअप के आगे और पीछे नंबर प्लेट साफ नजर नहीं आ रही थी। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर वाहन और चालक का पता लगाया।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद यातायात एएसआई मनोज राठौर और उनकी टीम ने वाहन CG 12 BM 5368 को जब्त कर लिया।
जांच के दौरान चालक की पहचान मनीष तिवारी (पिता नरेंद्र तिवारी), निवासी सीतामणी के रूप में हुई। चालक के खिलाफ यातायात थाने में मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। खतरनाक ड्राइविंग– 2000 रुपये, वाहन में बहुरंगी लाइट लगाने पर– 2000 रुपये, सीट बेल्ट का उपयोग न करने पर– 500 रुपये, इस तरह कुल 4500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि सड़कें आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए हैं, स्टंट के लिए नहीं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।
