कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के बालको क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने कोटपा अधिनियम के तहत निरीक्षण अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में पुलिस, नगर निगम, खाद्य एवं औषधि तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोटपा अधिनियम 2003 की धारा 04 एवं 6(अ) और 6(ब) के उल्लंघन के मामलों में 7 दुकानों से कुल 1780 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा 4 अन्य दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देकर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें दुकानदारों और नागरिकों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और पाम्पलेट वितरित किए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
