वेदांता पावर प्लांट में जोरदार धमाका: बॉयलर फटने से 12 मजदूरों की मौत, 30 से अधिक झुलसे, हालत गंभीर, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

वेदांता पावर प्लांट में जोरदार धमाका: बॉयलर फटने से 12 मजदूरों की मौत, 30 से अधिक झुलसे, हालत गंभीर


सक्ती/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा थाना क्षेत्र स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 12 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

एएसपी पंकज पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, 18 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 8 और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। बाकी 10 घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिनमें से कई 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।

हादसे में कुल 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रायगढ़ के मेट्रो हॉस्पिटल में 3 मजदूरों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 को अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा 6 घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा किया और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि कुछ मजदूर अब भी लापता हैं और कंपनी की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।

सक्ति के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article