कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। भीषण गर्मी के बीच दो महिलाएं कचरा उठाने वाली गाड़ी के अंदर बैठकर सफर करती नजर आईं। बताया जा रहा है कि यह घटना टीपी नगर स्थित गायत्री मंदिर के सामने की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए दोनों महिलाओं ने यह तरीका अपनाया। इस दौरान वहां मौजूद एक राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोग इसे मजबूरी का उदाहरण बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शहर में पर्याप्त सुविधाएं और व्यवस्था होतीं, तो इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती।
इस घटना ने एक बार फिर से भीषण गर्मी में आम लोगों को होने वाली परेशानियों और शहर की व्यवस्थाओं की हकीकत को उजागर कर दिया है। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के बाद प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।
