राखड़ डेम फटने से बड़ा हादसा: जेसीबी वाहन समेत मलबे में दबा ऑपरेटर, हुई मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के झाबू गांव में रविवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। सीएसईबी पश्चिम के राखड़ डेम का एक हिस्सा अचानक फटने से राख का तेज बहाव निकल पड़ा, जिसकी चपेट में आकर डेम पर काम कर रहा एक जेसीबी ऑपरेटर मलबे में दब गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डेम के भीतर अचानक दबाव बढ़ा, जिसके बाद राख का सैलाब बह निकला। मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन सहित ऑपरेटर दलदल में समा गया। आसपास के कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन राख के भारी दबाव के कारण तत्काल राहत नहीं मिल सकी।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रबंधन और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दर्री थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद दलदल में फंसे ऑपरेटर को बाहर निकाला गया, हालांकि उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि झाबू राखड़ डेम की सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से लापरवाही का शिकार रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, डेम पहले भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुका है और इसकी मजबूती को लेकर लगातार चेतावनी दी जाती रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई। हादसे के बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया, क्योंकि घटना के करीब तीन घंटे बाद तक संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे।

यह घटना एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Share This Article