कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में सरकारी वीआईपी रेस्टहाउस के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। डीएसपीएम के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित चार अधिकारी रेस्टहाउस के एक कमरे में शराब पीते हुए पाए गए। कमरे से खाली शराब की बोतलें, चखना और पानी के सामान बरामद हुए, जबकि किचन के फ्रीजर में बियर की बोतलें भी रखी मिलीं।
घटना उस समय उजागर हुई जब पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के कोरबा प्रवास के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी उनसे मिलने रेस्टहाउस पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंत्री को सूचना दी कि वीआईपी कमरे में कुछ अधिकारी शराब पार्टी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उत्पादन कंपनी के एमडी एस.के. कटियार को फोन कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कमरे में सिगरेट का धुआं भरा हुआ था और अधिकारी नियमों को दरकिनार कर नशे में थे। मामले ने सरकारी रेस्टहाउस के उपयोग और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
