तालाब में तैरते मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा शहर के दशहरा मैदान के सामने स्थित तालाब में गुरुवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नहाने पहुंचे लोगों ने पानी में शव तैरता देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। यह पूरा मामला सर्वमंगला पुलिस चौकी क्षेत्र का है।


पुलिस जांच में मृतक की पहचान 25 वर्षीय केशव यादव, निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुसमुंडा खदान और बरमपुर इलाके के आसपास रहता था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था, हालांकि वह नियमित रूप से काम पर नहीं जाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार केशव अक्सर बरमपुर क्षेत्र में घूमता रहता था और जानवरों को खाना खिलाता था। वह तालाब में नहाने भी आता था।


प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह शराब का आदी था। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी के मुताबिक परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे बिलासपुर से कोरबा पहुंच चुके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article