कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मड़वारानी पहाड़ी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। इस दुर्घटना में 9 श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार चांपा-जांजगीर जिले के सलखन गांव से करीब 25 श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर मड़वारानी पहाड़ी स्थित मां के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु भोजन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ढलान पर वाहन का ब्रेक अचानक फेल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सीधे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री वाहन से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और ईएमटी कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उरगा और चांपा के अस्पतालों में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि एक बच्चे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के बाद सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
