बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग के निर्देशन में 21 अप्रैल 2026 को NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) मामलों की विवेचना की गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से एक दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल से आयोजित की गई, जिसमें रेंज के विभिन्न जिलों से लगभग 100 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए आईजी श्री गर्ग ने कहा कि NDPS प्रकरणों की विवेचना के दौरान छोटी-छोटी प्रक्रियात्मक त्रुटियों के कारण अभियोजन पक्ष कमजोर हो जाता है, जिससे आरोपियों को न्यायालय से लाभ मिल जाता है। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप विवेचना को मजबूत और तकनीकी रूप से सटीक बनाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) श्री माखनलाल पाण्डेय ने NDPS एक्ट के तहत विवेचना से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि धारा 42, 50, 52 और 57 का कड़ाई से पालन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही जब्त मादक पदार्थों का विधिवत प्रमाणीकरण, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए।
उन्होंने वर्ष 2022 के नियमों के तहत सैंपलिंग प्रक्रिया अपनाने, विवेचना को केवल जप्ती तक सीमित न रखते हुए स्रोत से गंतव्य तक पूरी कड़ी जोड़ने, तथा चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत करने से पहले वरिष्ठ अधिकारियों और अभियोजन शाखा से परीक्षण कराने पर विशेष जोर दिया।
कार्यशाला में दस्तावेजीकरण की सटीकता, स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति, समय का सही उल्लेख तथा डिजिटल साक्ष्यों के उपयोग जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षण के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं रखीं, जिनका समाधान विशेषज्ञ द्वारा किया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य NDPS मामलों में विवेचना के दौरान होने वाली तकनीकी और प्रक्रियात्मक कमियों को दूर करना तथा जांच को अधिक प्रभावी और न्यायसंगत बनाना रहा। कार्यक्रम के अंत में श्री माखनलाल पाण्डेय को सम्मानित किया गया तथा कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
पुलिस विभाग को उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण से NDPS मामलों की विवेचना में गुणवत्ता और प्रभावशीलता दोनों में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
NDPS विवेचना की गुणवत्ता सुधार हेतु बिलासपुर रेंज में एक दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित
