कोरबा: भारी वाहन ने स्कूटी सवार दंपति को लिया चपेट में, हुई दर्दनाक मौत, दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे….

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read



कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के नकटीखार क्षेत्र के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बालको नगर निवासी एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ने भी इलाज से पहले दम तोड़ दिया। दोनों एक परिचित के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार बालको नगर निवासी बहरुराम रात्रे अपनी पत्नी के साथ गोढ़ी गांव जा रहे थे। वहां रिश्तेदारी में एक व्यक्ति के निधन के बाद परंपरागत दशगात्र कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान कचन्दा नाला के पास एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बहरुराम रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही घायल महिला ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।

Share This Article