कोरबा में हाथी के हमले से 70 वर्षीय महिला की मौत, इलाके में दहशत

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार तड़के ग्राम पतुरिया डांड में हुई, जहां घर से बाहर निकली महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पतुरिया डांड निवासी 70 वर्षीय सुखमत बाई, पति लोडुराम, रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान क्षेत्र में विचरण कर रहे एक अकेले हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया। अधिकारियों ने बताया कि मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। शासन के प्रावधानों के अनुसार शेष मुआवजा राशि की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

दो दिनों से क्षेत्र में घूम रहा था हाथी

वन विभाग के अनुसार, यह हाथी सरगुजा वनमंडल क्षेत्र से भटककर कटघोरा वनमंडल पहुंचा था और पिछले दो दिनों से आसपास के गांवों एवं जंगल क्षेत्रों में विचरण कर रहा था। वन अमला उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था, लेकिन तड़के हुए इस अचानक हमले में महिला की जान चली गई।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सुबह और रात के समय अकेले जंगल, खेत या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं। साथ ही हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें उकसाने या सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।

अधिकारियों ने लोगों से हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग के कंट्रोल रूम या नजदीकी बीट गार्ड को सूचना देने का आग्रह किया है। ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांव-गांव में मुनादी कराई जा रही है और वन विभाग की टीम लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।

Share This Article