कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शक्ति मुख्य मार्ग पर तिलकेजा और आमापाली गांव के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक एक्टिवा से कोरबा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक CG11 AH 8945 ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 और उरगा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की नहीं हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। हालांकि उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान रायगढ़ जिले के पटेलपाली निवासी गजानन चौहान के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है। युवक की एक्टिवा पर कपड़े और अन्य सामान बंधा हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह किसी गांव की ओर जा रहा था।
पुलिस जांच में जुटी
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
