कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के होनहार छात्र कृष्णा गोयल ने आईसीएआई द्वारा आयोजित सीए इंटरमीडिएट मई 2026 परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 23वीं रैंक (AIR 23) प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
कृष्णा गोयल, श्री प्रेम लाल गोयल एवं श्रीमती मीना गोयल के सुपुत्र हैं। उन्होंने देशभर के हजारों अभ्यर्थियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।

अपनी सफलता पर कृष्णा ने कहा कि उन्होंने नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को अपनी तैयारी का आधार बनाया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और परिवार के प्रोत्साहन को दिया।
कृष्णा की इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों, शिक्षकों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्र के लोगों ने भी उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए गर्व व्यक्त किया है।
